कोटा मंडल सहित पमरे में नवंबर माह में 74 रेलकर्मी सेवानिवृत्त

गंगापुर सिटी। पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) मुख्यालय में 30 नवम्बर 2023 को प्रमुख मुख्य भंडार प्रबंधक दीपचंद अहिरवार सहित कोटा, जबलपुर, भोपाल मण्डल एवं दोनों कारखानों में मिलाकर 74 रेलकर्मी सेवानिवृत्त हुए। पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय में माह के अंतिम कार्य दिवस 30 नवम्बर 2023 को पमरे महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय ने सेवानिवृत्त हो रहे प्रमुख मुख्य भंडार प्रबंधक दीपचंद अहिरवार के अधिवार्षिता पर सेवानिवृत्ति संबंधित दस्तावेज एवं गोल्ड प्लेटेड सिल्वर मेडल प्रदान किए। उनकी सेवानिवृत्ति पर रेल प्रशासन की ओर से स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन के लिए शुभकामनायें दी गई। इस अवसर पर अपर महाप्रबन्धक आर. एस. सक्सेना, प्रमुख वित्त सलाहकार नवल किशोर श्रीवास्तव एवं मुख्य कार्मिक अधिकारी (प्रशासन) दीपक कुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे। सेवानिवृत होने वालों में मुख्यालय में 01 कर्मचारी, जबलपुर मंडल में 18, भोपाल मण्डल में 16, भोपाल कारखाना में 05, भोपाल निर्माण यूनिट में 04, कोटा मण्डल में 21 रेल कर्मचारियों, कोटा कारखाना में 06, एवं कोटा निर्माण यूनिट में 02 रेल कर्मचारियों सहित पमरे में कुल 74 रेल कर्मियों की सेवानिवृत्ति हुई। इस अवसर पर सेवानिवृत्त हो रहे सभी कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति पर गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनकी सेवानिवृत्ति पर रेल प्रशासन के द्वारा शुभकामनायें दी गई।