पानी का संकट पड़ रहा भारी, CM को मेल भेज समाधान की मांग

गंगापुरसिटी। शहर में पेयजल संकट बना हुआ है। दो से तीन दिन के अंतराल में भी लोगों को पेयजल नसीब नहीं हो रहा है। नतीजन क्षेत्र के लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। एक माह से यह स्थिति बनी हुई है। ब्लॉक कांगे्रस कमेटी के पूर्व महामंत्री वेदप्रकाश मंगल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को मेल भेजकर पेयजल समस्या को लेकर क्षेत्र की पीड़ा जाहिर करते हुए समस्या का समाधान करा समुचित जलापूर्ति कराने की मांग की है। पत्र में मंगल ने बताया है कि नगर परिषद क्षेत्र में एक माह से पानी का गंभीर संकट बना हुआ है। ऐसे ही हालात चलते रहे तो क्षेत्र की जनता सब्र टूट जाएगा और जनता आंदोलन करने को विवश होगी। जलदाय विभाग के अधिकारियों से वार्ता करने पर नागरिकों को संतुष्टीपूर्ण जवाब नहीं मिलता है। पेयजल के लिए चम्बल परियोजना का भी नागरिकों को पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। चम्बल परियोजना के पम्प खराब होने को पेयजल किल्लत का कारण बताया जा रहा है, जबकि कई दिनों के बाद भी इसे दुरुस्त नहीं किए जाने से नागरिकों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। हालत यह है कि लोग पीने के लिए पानी खरीदने को विवश हो रहे हैं। साथ ही अन्य दैनिक कार्यों के लिए भी पानी का संकट बना हुआ है। मंगल ने बताया कि पेयजल आपूर्ति सूचारू नहीं होने पर जनता को धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ेगा।