आर्य समाज व आर्यवीर दल भारतीय नवसंवत्सर पर्व पर चलाएगा दीप प्रज्ज्वलन अभियान

गंगापुर सिटी। आर्य समाज तथा आर्यवीर दल की ओर से शहर आर्य समाज मंदिर में रविवार को पदाधिकारियों की बैठक रखी गई। बैठक में आर्य समाज के नेतृत्व में भारतीय संस्कृति के उत्थान के लिए नव संवत्सर पर्व मनाने के लिए विचार किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि आर्य समाज व आर्यवीर दल के संयुक्त तत्वावधान में जन जागृति अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान को मेरी संस्कृति-मेरा स्वाभिमान नाम दिया गया है। इस अभियान के माध्यम से नगर स्तर पर आर्यवीरों व आर्य जनों द्वारा घर.घर जाकर जनता को भारतीय संस्कृति पर आधारित नववर्ष मनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के प्रचार के लिए ‘घरों व बाजारों में इस अभियान संबंधी फ्लेक्स-बैनरों ‘ को भी लगाया जाएगा। साथ ही नववर्ष अर्थात चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अनुसार 25 मार्च को रात्रि साढ़े सात बजे से साढ़े आठ बजे तक घरों, दुकानों व प्रतिष्ठानों पर 11-11 दीप जलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा भारतीय व पाश्चात्य नववर्ष के कैलेंडर संबंधी इतिहास की जानकारी के लिए लेख नववर्ष कब, क्यों, कैसे प्रकाशित कर उसकी प्रतियां शहर भर में बांटी जाएगी। और 25 मार्च को नव संवत्सर के दिन शहर के मुख्य चौराहों व बाजारों में तिलक कार्यक्रम रखा जाएगा। जिसमें सभी नगरवासियों के मस्तक पर तिलक लगाकर नववर्ष की शुभकामनाएं दी जाएगी।
बैठक में आर्यवीर दल राजस्थान के प्रांतीय मंत्री अंकुश आर्य को ‘मेरी संस्कृति-मेरा स्वाभिमान कार्यक्रम ‘ का संयोजक चुना गया। बैठक में गंगापुर सिटी की सभी आर्य समाजों के मुख्य पदाधिकारी रामदयाल डांस, राजेश आर्य, सद्भाव आर्य, गिरीश आर्य तथा आर्यवीर दल के मुख्य पदाधिकारी गोविंद आर्य, नरेंद्र आर्य, अभिषेक बंसल सीए, संजय आर्य, शुभम आर्य, अंकुश आर्य सहित अन्य कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।