जलापूर्ति को लेकर भाजपा का चल रहा जन जागरण अभियान स्थगित

48 घंटे में जलापूर्ति माकूल व्यवस्था नहीं,
भाजपा नेताओं की प्रेस वार्ता

गंगापुरसिटी। शहर में पेयजल सहित अन्य समस्याओं को लेकर संचालित जन जागरण अभियान को भाजपा ने प्रशासन को व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए समय देने के लिए फिलहाल स्थगित किया है। पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर सहित अन्य भाजपा नेताओं ने रविवार को पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि पेयजल, सड़कों की खस्ता हाल स्थिति आदि को लेकर संगठन की ओर से चलाए गए जन आंदोलन से राहत मिली है। हालांकि कहा है कि 24 घंटे में जलापूर्ति माकूल व्यवस्था नहीं है। प्रशासन व जलदाय विभाग को समस्या का स्थाई समाधान करने के लिए प्रबंध करने चाहिए। पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने बताया कि पानी, खस्ताहाल सड़कों की समस्या को लेकर प्रशासन को व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए पार्टी की ओर से चलाए जा रहे जन जागरण अभियान को स्थगित करने का निर्णय किया गया है। उन्होंने बताया कि लम्बे समय से पेयजल समस्या से त्रस्त गंगापुरसिटी की जनता को भाजपा के जन आंदोलन से राहत मिली है। जन आंदोलन से समस्याओं के प्रति आंख मूंद कर सोए प्रशासन की आंख खुली है। इसी का नतीजा है कि अधिकतर अधिकारियों के स्थानांतरण हो गए हैं। जिला कलक्टर की ओर से सम्बन्धित अधिकारियों को 17 सीसीए के नोटिस जारी किए गए हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि पिछले एक साल से खराब पड़े पम्पों को ठीक कर गंगापुरसिटी के लिए चम्बल से पेयजल शुरू करना तथा स्थानीय स्त्रोतों को चालू करना भाजपा के आंदोलन की जीत है।

READ MORE: राजस्थान की अन्य ख़बरों के लिए क्लिक करें

भाजपा सकारात्मक राजनीति करती है। ऐसे में प्रशासन को सुधार के लिए पर्याप्त समय इस चेतावनी के साथ देने का निर्णस किया गया है कि 48 घंटे में पेयजल की आपूर्ति माकूल व्यवस्था नहीं है। स्थानीय प्रशासन और जलदाय विभाग तुरन्त चारों पम्पों को ठीक कर सप्लाई शुरू करे। सरकार की ओर से आवश्यक बजट स्वीकृत करा कर गंगापुरसिटी की जनता को प्रति दिन पानी उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि चम्बल में पर्याप्त पानी है। भाजपा के शासन के समय सात टंकियों का निर्माण करा कर सम्पूर्ण पाइप लाइन बदलने का बजट स्वीकृत कराया था। इसका लाभ तभी मिलेगा, जब शहरी व ग्रामीण जनता को प्रतिदिन पानी मिले। इसके लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। इसी के साथ अमृत योजना में किए गए घोटाले की जांच की जाए। एलएण्डटी कम्पनी की ओर से सड़कों को खोद कर छोड दिया है, इसकी भी जांच की जानी चाहिए। पूर्व विधायक गुर्जर ने पूर्व में तय किए गए डेयरी बूथों के लाभार्थियों की पत्रावलियों में षडयंत्रपूर्वक बदलाव करने का आरोप लगाते हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी भी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने डेयरी बूथों के दस्तावेज बताते हुए बताते हुए कहा कि यह कार्रवाई कूटरचित तरीके से की गई है। इस सम्बन्ध में उन्होंने एक आवेदक का हवाला भी दिया। उन्होंने जिला कलक्टर से डेयरी बूथ मामले में जांच कराने की मांग की है। इस अवसर पर जिला महामंत्री मनोज बंसल, शहर मंडल अध्यक्ष गिरधारी सोनी, मण्डल महामंत्री मिथलेश, प्रवक्ता धनेश शर्मा जन जागरण अभियान संयोजक विनोद अटल, नगर परिषद सभापति शिवरतन अग्रवाल, उपसभापति वीरेन्द्र पुजारा आदि मौजूद थे।

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए देखें…WEBSITE LINK: http://badhtikalam.com/