समस्याओं के विरोध में भाजपा का जनाक्रोश धरना-प्रदर्शन 28 को

गंगापुरसिटी। विधानसभा क्षेत्र में लम्बे समय से व्याप्त गंदे पानी की आपूर्ति, बिजली बिलो की बढ़ती दरे, सीवरेज कार्य में बरती जा रही लापरवाही, बढ़ती चोरियों की वारदातों के विरोध में भाजपा की ओर से 28 सितम्बर को सुबह 11 बजे मिनी सचिवालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। भाजपा शहर मंडल प्रवक्ता धनेश शर्मा ने बताया कि इन समस्याओं से क्षेत्र की जनता काफी समय से परेशान है। इसके चलते 28 सितम्बर को गंगापुरसिटी शहर, ग्रामीण, तलावडा व वजीरपुर मंडल के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं द्वारा आमजन के साथ संयुक्त रूप से धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

विरोध प्रदर्शन को लेकर 27 सितम्बर को बाइपास स्थित पार्थ रिसोर्ट में शहर मंडल पदाधिकारियों व पार्षदों की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं व पार्षदों को जिम्मेदारी प्रदान की गई है। साथ ही नागरिकों से धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। बैठक में जिला महामंत्री मनोज बंसल, जिला उपाध्यक्ष रामसिंह खटाना, नगर परिषद सभापति शिवरतन गुप्ता, उपसभापति वीरेंद्र पुजारी, पूर्व उपसभापति दीपक सिंघल, शहर मंडल अध्यक्ष गिरधारी सोनी, मंडल महामंत्री मिथलेश व्यास, गोपाल धामोनिया, अशोक कमालपुरा, नीतेश मोदी, प्रवक्ता धनेश शर्मा, मंडल मंत्री चिरंजी लोधा सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे।