भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया के स्वागत की लगी होड़, भाजपा का सभापति और प्रधान बनाने पर पूनिया ने पूर्व विधायक को दी बधाई, बताई जीत में अहम भूमिका

गंगापुरसिटी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया का बुधवार को गंगापुरसिटी आगमन पर बायपास स्थित पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर के आवास पर भाजपा शहर मंडल, ग्रामीण मंडल, तलावडा मंडल व वजीरपुर मंडल के संयुक्त तत्वावधान में पूर्व विधायक गुर्जर के नेतृत्व में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। पूनिया बुधवार को जयपुर से करौली जा रहे थे। इस दौरान सुबह 11 बजे पूनिया के गंगापुरसिटी पहुंचने पर कई स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत किया गया। बायपास पर पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूनिया को फूल मालाओं से लाद दिया। साथ ही स्वागत में जमकर नारे भी लगाए।

डॉ. पूनिया का पूर्व विधायक गुर्जर ने 51 किलो की माला व साफा पहना कर स्वागत किया। मंचासीन महिला मोर्चा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूजा कपिल मिश्रा, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र गोठवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधिच, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश चन्द जैन, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष, सभापति शिवरतन अग्रवाल, प्रधान मंजू गुर्जर, उपसभापति वीरू पुजारी, उप प्रधान पुष्कर चौधरी का पूर्व विधायक की ओर से स्वागत किया गया।

READ MORE: भाजपा महिलाओं के उत्थान व समृद्धिकरण के लिए करती है कार्य

इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष पूनिया ने गंगापुरसिटी नगर परिषद में भाजपा बोर्ड बनाने और पंचायत समिति चुनाव में भाजपा का प्रधान बनाने पर पूर्व विधायक गुर्जर को बधाई दी। साथ ही नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को जीत की शुभकामनाएं प्रदान की। उन्होंने कहा कि गंगापुरसिटी में नगर परिषद के बाद पंचायत समिति में भी भाजपा को काबिज कराने में पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने अहम भूमिका निभाई है। पूर्व विधायक ने अपने राजनीतिक कौशल से नगर परिषद में भाजपा का सभापति बनाने में एडी-चोटी का जोर लगा कर कमल खिलाया। अब पंचायत समिति के चुनाव में भी प्रधान और उप प्रधान पर भाजपा को काबिज कराने में पूर्व विधायक गुर्जर ने कुशल राजनीतिक रणनीति का परिचय देते हुए दोनों ही पदों पर भाजपा उम्मीदवारों को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। राज्य सत्ता विपरीत होने पर भी नगर परिषद व पंचायत समिति में भाजपा का कमल खिलाने को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले 2023 के विधानसभा चुनाव में भी गंगापुरसिटी में कमल खिलेगा।

मनोज कुमार गुर्जर कुनकटा ने बताया कि इस मौके पर जिला महामंत्री मनोज बंसल, जिला उपाध्यक्ष रामसिंह खटाना, पूर्व जिला महामंत्री जमनालाल वैष्णव, शहर मंडल अध्यक्ष गिरधारी लाल सोनी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सवाई सिंह, वजीरपुर मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष मदनमोहन सैनी, जिला परिषद सदस्य छोटे लाल मीना, पुखराज सलेमपुर, पंचायत समिति सदस्य मौसम बाई, ममता मीना, पृथ्वीराज मीना, भगवान डायरेक्टर, लक्खी महाराज, परमला सैनी, राजेश मीना, रामप्रसाद रैगर, हुकुम बाई सहित नगर परिषद पार्षद, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, भाजपा पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।