डांडिया रास की रही धूम, विजेताओं को किया पुरस्कृत

गंगापुरसिटी। शहर के विजय पैलेस में पूर्व सभापति संगीता बोहरा व समिति सदस्यों की ओर से डांडिया रास महोत्सव-2 का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं के डांडिया नृत्य की धूम रहीं तो बच्चों के कार्यक्रम ने सभी का मनोरंजन किया। विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए गए। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की गई। इसके बाद गणेश वंदना प्रस्तुत की गई। महिलाओं ने डांडिया में बढ़चढ़ कर भाग लिया। उन्होंने ग्रुप में तथा एकल डांडिया नृत्य की प्रस्तुति दी। गु्रप डांडिया में महिलाओं ने एकरूपता के साथ कार्यक्रम पेश किया। कार्यक्रम के दौरान लकी ड्रा व प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया। विजेताओं को गिफ्ट प्रदान किए गए। पूर्व सभापति संगीता बोहरा ने कार्यक्रम में आए बच्चों के आग्रह पर छोटे बच्चों के मनोरंजन के लिए प्रतियोगिता भी आयोजित कराई। विजयी बच्चों को इनाम वितरित किए गए। समिति सदस्य कुसुम गुप्ता, नीरज दीक्षित, अंजली दुबे, रेनू आर्य, अपर्णा शर्मा, ज्योति दीक्षित, मंजू सिंगल, रेखा जैन, नितेश शर्मा, पार्वती शर्मा ने बताया कि डांडिया कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गंगापुरसिटी सर्व समाज की महिलाओं ने खूब बढ़ चढ़कर भाग लिया। संचालन अजय भारद्वाज ने किया। इस मौके पर श्रीमती गीता देवी नरुका, डॉ. शैल शास्त्री, कल्पना शुक्ला, रीना पल्लीवाल, सरोज अग्रवाल, सरोज गर्ग, संजना मित्तल आदि महिलाएं मौजूद थी।