26 को किसान ट्रैक्टर रैली: राहुल गाँधी भी ले सकते हैं हिस्सा

file photo

केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में 26 जनवरी को किसान गणतंत्र परेड निकालेंगे। साथ ही कांग्रेस ने भी ट्रैक्टर रैली में हिस्सा लेने का फैसला किया है। हो सकता है 26 जनवरी को राहुल गांधी भी ट्रैक्टर रैली में भाग ले सकते हैं। ट्रैक्टर रैली में कांग्रेस के झंडे की जगह तिरंगा लगाया जाएगा, जिसमें किसानों के साथ कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस ने छह जिलों के विधायकों, जिला प्रभारियों और नेताओं को 25 जनवरी की शाम तक ट्रैक्टर लेकर कोटपूतली पहुंचने के निर्देश दिए हैं। 26 जनवरी को सुबह कोटपूतली से कांग्रेस नेता ट्रैक्टर रैली लेकर शाहजहांपुर बॉर्डर पहुंचेंगे। कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रत्येक विधायक को 100 ट्रैक्टर के साथ रैली में आने का टारगेट दिया गया है।
किसान ट्रैक्टर रैली के लिए अलवर, भरतपुर, सीकर, झुंझूनूं, जयपुर, चूरू जिलों के नेताओं को ज्यादा टारगेट दिए गए हैं। कृषि कानून के बाद अब ट्रैक्टर मार्च को लेकर किसानों ने अडिय़ल रवैया दिखाया है। कांग्रेस राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस हर मोर्चे पर किसानों के साथ है। राजस्थान के किसान भी ट्रैक्टर के साथ में कूच करेगा।
वहीं दूसरी ओर सिंघु बॉर्डर पर पंजाब किसान संघर्ष समिति के सतनाम सिंह पन्नू ने कहा कि वे दिल्ली के आउटर रिंग रोड़ पर ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे, इसके लिए चाहे दिल्ली पुलिस अनुमति दे या न दे। इसके लिए हजारों किसान ट्रैक्टर लेकर दिल्ली पहुंच रहे हैं।
आपको बता दें कि किसानों के साथ दिखने के लिए कांग्रेस ने 26 जनवरी की किसान ट्रैक्टर रैली में सक्रिय रूप से भाग लेने का फैसला किया है।
किसानों का कहना है कि वे एक ऐतिहासिक और शांतिपूर्ण रैली निकालेंगे और इसका गणतंत्र दिवस परेड या सुरक्षा व्यवस्था पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। भारतीय किसान यूनियन के गुरनाम सिंह चादुनी ने परेड में भाग लेने वाले किसानों से अनुशासन बनाए रखने और समिति द्वारा जारी निर्देश का पालन करने की अपील की है।