खाद्य सुरक्षा के पात्र परिवारों को ही मिलेगा राशन की दुकानों पर गेंहू

सवाई माधोपुर। राशन की दुकानों पर अप्रैल 2020 का अतिरिक्त गेंहू का वितरण प्रारंभ हो गया है। पूर्व में एक बार उपभोक्ताओं का माह अप्रैल का वितरण प्रारंभ कर दिया था। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि माह अप्रैल 2020 में खाद्य सुरक्षा योजना में चयनित परिवारों को अतिरिक्त 5 किलोग्राम गेंहू प्रति यूनिट के हिसाब से निःशुल्क गेंहू का वितरण करवाया जा रहा है। इसमें अन्त्योदय परिवारों को भी 35 किलोग्राम के स्थान पर प्रति यूनिट 5 किलोग्राम गेंहू का वितरण किया जायेगा। डीएसओ सौरभ जैन ने बताया कि वर्तमान में राशन की दुकानों पर केवल पहले से खाद्य सुरक्षा में चयनित पात्र परिवारों को ही गेंहू मिल रहा है। जो लोग खाद्य सुरक्षा योजना में चयनित नही है उनको राशन की दुकानों पर सामग्री नही मिल रही है। उन्होंने आग्रह किया है कि खाद्य सुरक्षा में जो भी पात्र नही हैं वे परिवार अनावश्यक राशन की दुकानों पर जाकर मेडिकल एडवाईजरी का उल्लंघन नही करें।