पंचायत समिति प्रधान चुनाव: लगा रहे एडी-चोटी को जोर

गंगापुरसिटी। पंचायत समिति सदस्य चुनाव में बहुमत से पीछे रही भाजपा और कांगे्रस प्रधान पद पर अपने दल के प्रत्याशी को आसीन कराने के लिए एडी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। सत्ता की चाबी निर्दलियों के हाथ आने के बाद दोनों ही दल निर्दलियों को समर्थन हासिल करने की हरसंभव कोशिश में लगे हैं। दोनों ही दल इस काम में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। इसके लिए विशेष रणनीति के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है। इसका खुलासा भी नहीं किया जा रहा है। विश्वसनीय लोगों को ही जिम्मेदारी प्रदान की जा रही है। ऐसे में सोमवार को होने वाले चुनाव का परिणाम को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता है कि इस बार प्रधान का पद किसे हासिल होगा। गौरतलब है कि 23 सदस्यीय पंचायत समिति सदस्य चुनाव में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला है। कांगे्रस के 8, भाजपा के 10 सदस्य निर्वाचित हुए है, जबकि 5 निर्दलियों ने जीत दर्ज की है। कांगे्रस की ओर से विधायक रामकेश मीना के हाथ कमान है तो भाजपा की ओर से पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर मोर्चा संभाले हुए हैं।