बिजली-पानी की समस्याओं से जनता का टूट रहा धैर्य, भाजपा का जन जागरण अभियान

गंगापुरसिटी। भारतीय जनता पार्टी की ओर से चल रहे जन जागरण अभियान के तहत बिजली-पानी की समस्याओं को लेकर अर्जुन पैलेस में कर्मचारी कॉलोनी, शिवपुरी ए व शिवपुरी बी और सालौदा क्षेत्र के नागरिकों की बैठक हुई। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर, विशिष्ट अतिथि जिला उपाध्यक्ष रामसिंह खटाना, जिला महामंत्री मनोज बंसल थे। कार्यक्रम संयोजक विनोद अटल थे। इस मौके पर पूर्व विधायक गुर्जर ने कहा कि बिजली-पानी की समस्याओं को लेकर जनता का धैर्य टूट चुका है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही के चलते आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह अधिक समय तक चलने वाला नहीं है। साथ ही प्रशासन को चेतावनी देते हुए बिजली व पेयजल की समस्याओं के उचित समाधान के लिए दी गई समय सीमा 18 अक्टूबर से पूर्व समस्याओं का निराकरण करने के लिए कहते हुए समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन के लिए तैयार रहने के लिए कहा।

READ MORE: REET EXAM नकल प्रकरण: बत्तीलाल सहित पांच आरोपी पुलिस रिमांड पर सौंपे

शहर मंडल प्रवक्ता धनेश शर्मा ने बताया कि जिला उपाध्यक्ष रामसिंह खटाना, जिला महामंत्री मनोज बंसल, कार्यक्रम संयोजक विनोद अटल व पार्षद धनसिंह मावई ने आमजन को बिजली व पेयजल से सम्बन्धित समस्याओं पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए संघर्ष के लिए तैयार रहने को कहा। इस मौके पर पूर्व जिला महामंत्री जमनालाल वैष्णव, पार्षद विकास ठेकला, राजेश मावई, रेवती मावई, सुनीता मीणा, पार्षद शिवहरी मीणा, विनोद गुप्ता, मिथलेश व्यास, दिलीप तिवारी, दिनेश, सूरजमल जाट, डॉ. निर्मल शर्मा, कीर्ति गर्ग, सुशीला, गीता, विमलेश शर्मा सहित पार्टी कार्यकर्ता व नागरिक मौजूद थे।