राज्यसभा में MSP पर बोले PM नरेंद्र मोदी, कहा-आंदोलन खत्म करें किसान

कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर पिछले दो महीने से किसान दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन सरकार कानूनों को रद्द ना कर संशोधन पर अड़ी है। इससे नाराज किसानों का प्रदर्शन लगातार जारी है। इस आंदोलन के बीच सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष को जमकर घेरा। साथ ही प्रदर्शन कर रहे किसानों से एक खास अपील भी की।
पीएम मोदी ने कहा MSP था, MSP है और MSP रहेगा। किसानों को आंदोलन खत्म कर देना चाहिए। कृषि कानूनों के मसले पर पीएम मोदी बोले कि सदन में सिर्फ आंदोलन को लेकर ही बात हुई है। सुधारों पर कोई चर्चा नहीं हो सकी है। उन्होंने अपील की है कि आंदोलकारी किसानों को समझाते हुए हमें आगे बढ़ना होगा। सुधारों को होने दें। बुजुर्ग लोग जो आंदोलन में बैठे हैं उन्हें घर जाना चाहिए। आंदोलन खत्म करें और चर्चा आगे चलती रहेगी। किसानों के साथ सरकार लगातार बात कर रही है।
बता दें कि केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर किसान दिल्ली की सीमाओं पर पिछले दो महीने से डेरा जमाए हुए हैं। वहीं मोदी सरकार इन कानूनों में सिर्फ सुधार चाहती है जबकि किसान इसे मानने को तैयार नहीं है। चक्का जाम ने किसान आंदोलन में एक नई जान डाल दी है। जहां पहले हरियाणा के किसान रात-दिन शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं। वहीं अब पंजाब के किसान भी सहयोग देने के लिए बॉर्डर के लिए कूच कर रहे हैं।