वर्धमान हॉस्पिटल में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के तत्वावधान में हुआ आयोजन, मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली पर दिया गया विशेष जोर
गंगापुर सिटी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गंगापुर सिटी स्थित वर्धमान हॉस्पिटल के भावना योग केंद्र में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के तत्वावधान में विशेष भावना योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में परम पूज्य दिगंबर जैन संत मुनिश्री 108 प्रमाण सागर जी महाराज की टेलीविजन के माध्यम से प्राप्त प्रेरणा से दर्जनों साधकों ने भावना योग का अभ्यास किया।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने योग, ध्यान और सकारात्मक चिंतन के माध्यम से मानसिक शांति एवं आत्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिकों, समाज प्रतिनिधियों एवं योग साधकों ने भाग लिया।
मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है भावना योग
कार्यक्रम के संयोजक एवं वर्धमान हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. मनोज जैन ने कहा कि पारंपरिक योगासन जहां शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, वहीं भावना योग मन, मस्तिष्क और विचारों को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है।
उन्होंने कहा, “आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। भावना योग व्यक्ति को मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।”
उन्होंने बताया कि भावना योग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति की भावनात्मक क्षमता विकसित होती है और जीवन में संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है।
वर्धमान हॉस्पिटल में स्थापित है भारत का पहला भावना योग केंद्र
दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के अध्यक्ष नरेंद्र जैन ‘नृपत्या’ ने जानकारी दी कि मुनिश्री प्रमाण सागर जी महाराज की प्रेरणा से वर्धमान हॉस्पिटल, गंगापुर सिटी में भारत का पहला भावना योग केंद्र स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि यह केंद्र अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और आम नागरिकों के लिए निःशुल्क संचालित किया जा रहा है। यहां प्रतिदिन सुबह और शाम भावना योग के नियमित सत्र आयोजित किए जाते हैं, जिनसे सैकड़ों लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
बच्चों और युवाओं के लिए भी शुरू होंगे विशेष सत्र
कार्यक्रम के अंत में संयोजकों ने बताया कि आने वाले समय में भावना योग केंद्र पर बच्चों और युवाओं के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी को मानसिक रूप से सशक्त और सकारात्मक बनाया जा सके। सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से भावना योग करने और इसे जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
शिविर में डॉ. सुलेखा जैन, रीजन उपाध्यक्ष विमल जैन, संस्थापक अध्यक्ष सुमेर जैन सोनी, सचिव महेश जैन, उपाध्यक्ष रमेश जैन, संगठन सचिव ज्ञानेंद्र जैन, महिला प्रभारी मोनिका जैन, नीलेश जैन, दीप्ति जैन, दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष प्रवीण जैन गंगवाल, श्वेतांबर जैन समाज के अध्यक्ष रितेश पल्लीवाल, अनिल जैन, दीप शेखर जैन, अंजना जैन, अलका जैन, शशि सोनी, विद्या जैन, जिज्ञा जैन तथा मानव सेवा संस्थान के संरक्षक विजय गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

