रेलवे के पॉइंट्स मैन करेंगे अब 8 घन्टे ड्यूटी

131 नए पद होंगे सृजित

गंगापुर सिटी। कोटा रेल मंडल में अब पॉइन्ट्स मैन 8 घंटे ड्यूटी करेंगे। पॉइन्टस मैनों को अभी 12 घंटे ड्यूटी करनी पड़ रही थी। इस मुदद्े को वेस्ट सेंट्रल रेलवे एंप्लाइज यूनियन ने स्थाई वार्ता तंत्र की बैठक में लगातार उठाया। इसके बाद प्रस्ताव पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्यालय जबलपुर भेजा गया। अब मुख्यालय ने पॉइंट्स मैनों को 8 घंटे ड्यूटी करने के आदेश जारी कर दिए हैं। यह आदेश लागू होने पर 131 पॉइंट्स मैनो के नए पदों को सृजित करने का रास्ता खुल जाएगा।
वेस्ट सेंट्रल रेलवे एंप्लाइज यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक कोटा के साथ स्थाई वार्ता तन्त्र की बैठक में पॉइंट्स मेन के कार्य के घंटे 12 घंटे से घटाकर 8 घंटे करने की मांग की गई थी। इस मांग पर रेल प्रशासन ने कोटा- गंगापुर सिटी, गंगापुर सिटी से मथुरा कोटा-नागदा, कोटा रुठआई रेल खंड में इनके कार्य का एनालिसिस करवाया गया। इसके बाद कार्य भार की अधिकता को देखते हुए कार्य के घंटे 8 घंटे करने के लिए प्रस्ताव जबलपुर भेजा गया था। जबलपुर से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। अब कोटा से सवाई माधोपुर, सवाई माधोपुर से गंगापुर, गंगापुर सिटी से बयाना, बयाना से मथुरा कोटा से रुठियाई कोटा से नागदा में पॉइंट्स मैन 8 घंटे ड्यूटी करेंगे।
जैन ने बताया कि पॉइंटमैन के वर्क के लिए 5-7 रेलवे स्टेशनों का गु्रप बनाया गया था। आज रेलवे प्रशासन द्वारा 8 घंटे ड्यूटी आदेश जारी करने के बाद पूरे मंडल मे पॉइंट्स मैनों ने मिठाई वितरण की और खुशियां मनाते हुए नारेबाजी की। गंगापुर सिटी में यातायात शाखा अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा, सचिव हरिप्रसाद मीणा, उपाध्यक्ष भरोसी लाल सैनी, हरिमोहन मीणा, देवी सिंह मीणा, संपत लाल, आरपी मंगल सहित दर्जनों कर्मचारियों व यूनियन के पदाधिकारियों ने लॉबी पर खुशी जाहिर करते हुए मिठाई खिलाई एवं कहा कि अंग्रेजों के जमाने से चली आ रही 12 घंटे की परंपरा को यूनियन के अथक प्रयासों से निजात मिली है। इसके लिए सभी कर्मचारियों ने यूनियन के महामंत्री मुकेश गालव का धन्यवाद ज्ञापित किया।