प्रियंका का UP दौरा, क्या किसानों के बहाने पार्टी को संजीवनी देने की तैयारी में है कांग्रेस

पिछले दो महीने से कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन चल रहा है। 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली हिंसा के बाद अब किसानों ने आंदोलन को धार देने के लिए आज तीन घंटे का देशव्यापी चक्का जाम बुलाया है। इस चक्का जाम का विपक्षी पार्टियों ने खुलकर समर्थन किया है। इसका असर दिल्ली में नहीं होगा फिर भी एहतियात के तौर पर 50 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 12 मेट्रो स्टेशनों को अलर्ट पर रखा गया है।
राकेश टिकैत ने कहा कि 6 फरवरी को दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चक्का जाम नहीं होगा। संयुक्त किसान मोर्चा ने देशभर के किसानों से और आम जनता से भी अपील की है कि किसानों के समर्थन में इस चक्का जाम में शामिल हों।

किसान आंदोलन के बीच प्रियंका गांधी मेरठ सहित वेस्ट उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगी। किसान आंदोलन से मिली संजीवनी के बाद कांग्रेस पार्टी एक्शन में है। किसान आंदोलन के मद्देनजर प्रियंका गांधी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तीन दिवसी दौरा कर 2022 के विधानसभा चुनावों की सियासी जमीन तैयार करेंगी। प्रियंका गांधी के दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ता तैयारियों में जुट गए हैं।
प्रदेश इकाई के पदाधिकारी मेरठ में डेरा डाल चुके हैं। इस बहाने पार्टी दूसरे दलों के नाराज नेताओं के भी साधने की जुगत में है। बता दें कि उत्तर प्रदेश में 2022 में विधानसभा के चुनाव होने हैं।। इन चुनावों से पहले राजनीतिक दल अभी से जनाधार को अपने पाले में करने की कोशिश में लगे हैं।