चौथ माता की पूजा को उमड़ी महिलाएं

गंगापुरसिटी। क्षेत्र में करवा चौथ का पर्व रविवार को परम्परागत रूप से मनाया गया। पति की लम्बी आयु की कामना को लेकर महिलाओं ने चौथ माता का निर्जला व्रत रखा। साथ ही चौथ माता की पूजा की। चौथ माता बाजार स्थित माता मंदिर में पूजा के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही महिलाओं का पूजा के लिए मंदिर पहुंचना शुरू हो गया। महिलाओं ने पूजा के बाद मंदिर परिसर में ही सामूहिक रूप से चौथ माता की कथा सुनी। देर शाम तक श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचने का तांता लगा रहा। करवा चौथ के चलते बाजारों में भी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं ने करवा सहित सुहाग की वस्तुओं की खरीदारी की। इस दौरान व्यवस्था के लिए पुलिस जवान भी तैनात रहे।