भाजपा के जनाक्रोश में फूटा आक्रोश, पेयजल व बिजली समस्या पर उखड़े

-समस्याओं के खिलाफ दिया धरना, सौंपा ज्ञापन
गंगापुरसिटी।
शहर में अपर्याप्त और गंदे पेयजल की आपूर्ति, बढ़ते बिजली के बिल और चोरियों सहित अन्य समस्याओं के विरोध में भाजपा के जनाक्रोश कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। मिनी सचिवालय के बाहर धरना के बाद मिनी सचिवालय परिसर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और उपखंड अधिकारी के कक्ष में घुस गए और नारे लगाए। इससे एक बारगी अधिकारी हतप्रभ रह गए। इस दौरान पेयजल अव्यवस्था को लेकर अतिरिक्त जिला कलक्टर नवरत्न कोली व उपखंड अधिकारी अनिल चौधरी के समक्ष समस्या को लेकर नाराजगी जताई। समझाइश कर कार्यकर्ताओं व महिलाओं के बाहर निकाला गया। पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने अतिरिक्त जिला कलक्टर कोली, उपखंड अधिकारी चौधरी व जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता किरोड़ीलाल मीना के समक्ष पेयजल समस्या को लेकर विभागीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए समाधान के लिए पूछा। अधिशासी अभियंता मीना की ओर से 15 दिन में चम्बल परियोजना के पम्पसेट समस्या का समाधान कराने का आश्वासन पर मामला शांत हुआ।

READ MORE: Vivekanand School के दो विद्यार्थियों का आईएएस में चयन

गौरतलब है कि भाजपा की ओर से मिनी सचिवालय के बाहर धरना के बाद महिला-पुरुष कार्यकर्ता पूर्व विधायक गुर्जर के साथ ज्ञापन देने पहुंचे और भवन के मुख्यगेट पर जमकर नारेबाजी की। भीड़ के चलते इस दौरान कोरोना जागरुकता से सम्बन्धित फ्लेक्स टूट गया। अधिकारी गेट पर पहुंचते इससे पहले ही महिला-पुरुष कार्यकर्ता उपखंड अधिकारी कक्ष में घुस गए। इससे कक्ष में भीड़ एकत्र हो गई और वे नारे लगाने लगे। हंगामे के चलते कक्ष के गेट का शीशा ढीला हो गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं को कक्ष से बाहर निकालने के बाद पूर्व विधायक गुर्जर ने पानी की समस्या से लोगों को हो रही परेशानी से अवगत कराया। पूर्व उप सभापति दीपक सिंहल, सावित्री शर्मा आदि ने कहा कि घरों में जो पानी आ रहा है, उसे क्या अधिकारी पी सकते हैं? एडीएम व एसडीएम व पुलिस उपाधीक्षक कालूराम मीना की उपस्थिति में अधिशासी अभियंता ने चम्बल परियोजना के पम्पसेट खराब होने के बारे में बताते हुए 15 दिन में समाधान कराने और तब तक सीडब्ल्यूआर में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद पूर्व विधायक गुर्जर ने विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा।

READ MORE: REET EXAM नकल प्रकरण: एक ओर आरोपी गिरफ्तार, आठ आरोपी रिमांड पर

पहले दिया धरना
पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से मिनी सचिवालय के बाहर धरना दिया गया। इस दौरान पूर्व विधायक गुर्जर ने कहा कि जनता पानी की समस्या से त्रस्त है। जनता गंदा पानी पीने को मजबूर है। गांवों में खराब मोटर की सुध नहीं ले रहे है। गैरत है तो अधिकारी जनता को पानी देने का काम करे। उन्होंने अमृत योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पैसा कागजों में ही खर्च किया है। बिजली की बीसीआर भरने के नाम पर गरीब जनता को लूटा जा रहा है। समय पर ट्रांसफॉर्मर नहीं बदले जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मिलीभगत से सरकारी जमीनों पर कब्जे किए जा रहे है और प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता अन्याय के खिलाफ लड़ेगा। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधि और सरकार पर उदासीनता का आरोप लगाया। सभापति शिवरतन अग्रवाल ने कोरोना काल में ऑक्सीजन प्लाट की स्थापना के बारे में बताते हुए कहा कि जनता को राहत देने के लिए पीछे नहीं रहेंगे। अधिकारी पेयजल समस्या का जल्द समाधान करें। आज का धरना तो झांकी है। समधान नहीं होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। धरने को जिला उपाध्यक्ष रामसिंह खटाना, सुशील दीक्षित, पार्षद नीरू यादव, सावित्री शर्मा, धनसिंह मावई आदि ने सम्बोधित किया। संचालन जिला महामंत्री मनोज बंसल ने किया। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य पुखराज, शहर मंडल अध्यक्ष गिरधारी सोनी, सवाईसिंह, उदयसिंह गुर्जर, मिथलेश व्यास, महेन्द्र दीक्षित, जमना लाल वैष्णव, एडवोकेट अनिल दुबे, धनेश शर्मा, विनोद अटल, पार्षद रामबाबू शर्मा, दीपा गुप्ता आदि मौजूद थे।