भारत रत्न, महान कवि, लेखक एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भाजपाइयों ने किया याद, दी श्रद्धांजलि

गंगापुर सिटी। भारत रत्न श्रेष्ठ कवि एवं देश के यशस्वी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती को भारतीय जनता पार्टी गंगापुर शहर मंडल के पदाधिकारियों द्वारा पुष्पों से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जीवन परिचय पर प्रकाश डालते हुए उनके सिद्धान्तों का अपने-अपने जीवन में अनुसरण करने का संकल्प लेकर मनाया गया।
मंडल महामंत्री मिथलेश व्यास ने बताया कि इस अवसर पर पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर द्वारा कहा गया कि 25 दिसंबर 1924 को देश के ग्वालियर प्रदेश में जन्मे देश के पूर्व प्रधानमंत्री बाजपेई ने देश में तीन बार प्रधानमंत्री पद पर सुशोभित रहकर राजनीतिक सिद्धांतों का अपने जीवन में पालन किया। उनके द्वारा अपने कार्यकाल में सन् 1998 में राजस्थान प्रदेश के पोकरण (जैसलमेर) में परमाणु शक्ति परीक्षण कर संपूर्ण राष्ट्र का विश्व में शक्ति प्रदर्शन की दृष्टि से गौरव बढ़ाने का कार्य किया गया। साथ ही उनके द्वारा संयुक्त राष्ट्र संघ के अंग महासभा में सर्वप्रथम हिंदी में भाषण देकर देश का गौरव बढ़ाने का कार्य किया गया।
इसी के साथ-साथ पूर्व विधायक ने कहा कि स्व. वाजपेयी भारतीय जनता पार्टी के साथ-साथ अन्य सभी राजनीतिक दलों के प्रिय नेता थे। उनके द्वारा अपने संपूर्ण जीवन में राजनीतिक सिद्धांतों से कभी भी समझौता नहीं करके एक प्रेरणादायी संदेश देने का कार्य किया गया।
इस अवसर पर सभापति शिवरतन गुप्ता, सुशील दीक्षित, मनोज बंसल द्वारा भी अपने विचार व्यक्त किए गए। साथ ही कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं द्वारा अटल जी के चित्रपट पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए जीवन सिद्धांतों को एक कार्यकर्ता के रूप में अपने-अपने जीवन में अनुसरण करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर पूर्व जिला महामंत्री जमना लाल वैष्णव द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री द्वारा लिखित कविता हार नहीं मानूंगा… रार नहीं ठानूंगा… गीत नया गाता हूं काल के कपाल पे लिखता मिटाता हूं….का पाठ कर पूर्व प्रधानमंत्री को याद किया गया।
मंडल महामंत्री व्यास ने बताया कि इस अवसर पर जिलामंत्री सावित्री शर्मा, मण्डल अध्यक्ष गिरधारी सोनी, पूर्व जिला महामंत्री नवीन शर्मा, उपसभापति वीरेन्द्र शर्मा, एडवोकेट घनश्याम सिहं, सुरेश अग्रवाल, राजेन्द्र गुप्ता, मण्डल मंत्री चिरन्जी लोधा और अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।