पं. दीनदयाल उपाध्याय की कार्यशैली को अपनाएं भाजपा कार्यकर्ता- वीरेन्द्र सिंह

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर विधानसभा प्रवास योजना के तहत हाथरस जिले से विधायक वीरेंद्र सिंह राणा शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ गंगापुरसिटी की नसियां कॉलोनी स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय पार्क पहुंचे। यहां उन्होंने उपाध्याय की प्रतिमा को नमन किया। साथ ही कहा कि पंडित उपाध्याय जनसंघ एवं भाजपा के ऐसे संस्थापक सदस्य थे जिनके द्वारा अंत्योदय योजना की विचारधारा के साथ-साथ एकात्मक मानववाद का सिद्धांत प्रतिपादित किया गया। प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की कार्यशैली को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।

विधानसभा प्रभारी शिवकुमार सैनी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन गंगापुर सिटी शहर से अपने विद्यार्थी काल से शहर में स्थित रेलवे विद्यालय से जुड़ा हुआ है। प्रत्येक गंगापुरवासी को इस पर गर्व महसूस करना चाहिए।मीडिया प्रमुख धनेश शर्मा ने बताया कि बाल उद्यान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके साथ भाजपा भरतपुर संभाग मीडिया संयोजक दर्शन सिंह नरूका, विधानसभा विस्तारक नीरज, विधानसभा संयोजक प्रदीप सरकार, मंडल महामंत्री मिथलेश व्यास, सुधीर चांदना, कुलभूषण वर्मा, नेत्रपाल मीणा आदि मौजूद थे।