गणतंत्र दिवस हिंसा के आरोपियों की तस्वीरें जारी, CCTV और वाट्सऐप से हुई पहचान

केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले दो महीने से दिल्ली की सीमाओं पर किसान आंदोलन चल रहा है। इस बीच हुई किसानों और सरकार के बीच कई दौर की वार्ता सफल नहीं हो पाई। सड़क से लेकर संसद तक किसान आंदोलन का मुद्दा गूंज रहा है। गणतंत्र दिवस को किसान ट्रैक्टर रैली में हुई हिंसा को लेकर दिल्ली पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है। पुलिस ने फिलहाल लाल किले की हिंसा को लेकर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार लोगों में से एक की पहचान धर्मेंद्र सिंह हरमन के तौर पर हुई है। अब पुलिस दिल्ली में लाल किले पर झंडा लगाने के मामले को लेकर भी उसकी भूमिका को जांचने में लगी है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने किसान हिंसा में शामिल दंगाइयों की तस्वीरें जारी की है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने जांच में तेजी दिखाते हुए कुछ लोगों की पहचान फेशियल एनालिटिक्स के जरिए की है। जानकारी के अनुसार, CISF की ओर से मिले सीसीटीवी फुटेज की मदद से 42 संदिग्धों की पहचान हुई है। वॉट्सएप वीडियो से भी 20 संदिग्धों को पहचाना गया है।
उपद्रिवयों ने किसनों की ट्रैक्टर रैली में घुसकर 26 जनवरी को जमकर उत्पात किया था। इसके साथ ही दिल्ली के लाल किले की प्राचीर पर धार्मिक झंडा फहरा दिया। इसके बाद दिल्ली पुलिस एक्शन मोड में दिखाई दे रही है। इस हिंसा मामले में दिल्ली पुलिस ने अब तक कुल 124 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही 44 एफआईआर दर्ज की है। इसके अलावा 4 सोशल मीडिया अकाउंट पर भी मामला दर्ज किया गया है।