मजदूर आंदोलन को कमजोर करने में लगी है केन्द्र सरकार, रेलकर्मी जागरुकता अभियान

गंगापुरसिटी। वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन के तत्वावधान में संचालित रेलकर्मी जागरुकता अभियान के तहत शुक्रवार को रेलवे पावर हाउस में यूनियन पदाधिकारियों ने रेल कर्मचारियों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। साथ ही उनकी समस्याओं से रूबरू हुए। इस मौके पर यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष नरेन्द्र जैन ने कहा कि केन्द्र सरकार मजदूर आंदोलन को कमजोर करने में लगी है। करोना महामारी की आड़ में सरकार ने श्रम कानूनों में अनावश्यक काट छांट कर मजदूर आंदोलन को कमजोर करने की चेष्टा की है। भाजपा नीत केंद्र सरकार की योजना है कि रेलवे में भी उसके जेबी संगठन का दखल बढ़ जाए। सरकार विगत वर्षों से मान्यता के चुनाव भी नहीं करा रही हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे के संसाधनों को मोद्रीकरण के नाम पर लीज पर देने का काम चालू है। हमें सरकार की नीतियों को समझना होगा और रेल उद्योग को बचाने के लिए संघर्ष करना होगा।

READ MORE: तोड़ी सड़क-पुलिया की कराए मरम्मत, एडीएम को सौंपा ज्ञापन

कैरिज शाखा अध्यक्ष गजानन शर्मा व कार्यकारी अध्यक्ष शरीफ मोहम्मद ने कहा की लाल झंडे की वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन स्वतंत्र, स्वावलंबी, प्रजातांत्रिक मूल्यों पर विश्वास करती है। यूनियन में काम करने वाले सभी पदाधिकारी रेलवे के कर्मचारी है जबकि दूसरे संगठनों मे बाहरी व्यक्ति, जो रेलवे के नहीं है मुख्य पदो पर बैठे हुए। ऐसे में सभी कर्मचारियों को संगठनों की रीति- नीति को भी समझना चाहिए। कर्मचारियों के लिए दिन रात संघर्ष करने वाली वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन के साथ जुडऩा चाहिए। इस अवसर पर यूनियन पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं पर भी चर्चा की। कर्मचारियों को कहना था कि लोको कालोनी में दो दर्जन से ज्यादा रेल आवास मेजर रिपेयरिंग के बाद आवंटन के लिए तैयार है, लेकिन रेल अधिकारियों की लापरवाही के कारण गत एक साल से उनका आवंटन नहीं किए जा रहा है। इससे कर्मचारियों को परेशानी हो रही है। इस दौरान यूनियन के पदाधिकारी रोडनी फ्रैंकलीन, विकास चतुर्वेदी, देवेंद्र गुर्जर, सत्य प्रकाश शर्मा, जगराम गुर्जर, नीता मेहरा, उदय सिंह, मनु गुर्जर आदि रेल कर्मचारी मौजूद थे।