देश में बढ़ा कोरोना का ग्राफ: 461 लोगों की मौत, 13 हजार 521 संक्रमित

नई दिल्ली। देश में दिनों-दिन कोरोना संक्रमित व मौतों में इजाफा हो रहा है। शुक्रवार सुबह तक देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 13 हजार 521 हो गई है। वहीं 461 लोगों की मौत हो चुकी है। जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र में तीन हजार से अधिक केस हो गए हैं। वहीं, दिल्ली, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी एक हजार से अधिक मरीज हैं। गुरुवार को 1 हजार 81 नए मामले सामने आए। इनमें महाराष्ट्र में 286, राजस्थान में 55, उत्तरप्रदेश में 70, गुजरात में 163 और बिहार में 8 नए मरीज मिले हैं।
मध्य प्रदेश के इंदौर में रिकॉर्ड 256 नए मरीज मिले हैं। ये देश के किसी भी शहर में एक दिन में मिलने वाले सबसे ज्यादा मामले हैं। एमपी के 65 प्रतिशत मरीज इंदौर में ही हैं।
मध्यप्रदेश में गुरुवार को 9 लोगों की मौत होने की खबर आई है। इनमें 8 मौतें इंदौर में हुईं। वहीं, भोपाल में हमीदिया अस्पताल में 11 अप्रैल को मृत जहांगीराबाद निवासी यूनुस खान की गुरुवार को पॉजिटिव रिपोर्ट आई। शहर में कोरोना से अब तक 6 लोगों की जान जा चुकी है। इस तरह राज्य में अब तक 64 मौतें हो चुकी हैं। इंदौर में 47, भोपाल में ६, उज्जैन में 6, खरगोन में 3, छिंदवाड़ा और देवास में 1-1 मरीज की जान गई।
ये आंकड़े कोविड१९इण्डिया.ओआरजी और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं।
वहीं, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, देश में अब तक 13 हजार 387 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें 11 हजार 201 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 हजार 748 ठीक हो चुके हैं। अब तक 437 मौतें हुई हैं।
लॉकडाउन बढ़ाने का भारत का निर्णय सही
विश्व स्वास्थ्य संगठन ग्लोबल आउटब्रेक अलर्ट और रेस्पॉन्स टीम के चेयरमैन डेल फिशर ने कोरोना से लड़ाई में भारतीय भूमिका की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी से लडऩे में भारत जैसे घनी आबादी वाले देशों की सामुदायिक भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। गुरुवार को बेनेट विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित कोविड-19 बायोटेक से बचाव और निपटने के लिए वैश्विक ऑनलाइन सम्मेलन में बोलते हुएए फिशर ने कहा कि लॉकडाउन को चरणबद्ध तरीके से उठाने का भारत का निर्णय सही दिशा में एक कदम है। लॉकडाउन को चरणबद्ध तरीके से खोला जा सकता है, एक साथ नहीं। दूसरी ओर सरकार जाँच में तेजी लाने के प्रयास कर रही है।