पीएम मोदी अयोध्या पहुंचे, लोग कर रहे पुष्प वर्षा से स्वागत

फारूक बोले- राम हिंदुओं के ही नहीं, पूरी दुनिया के हैं

अयोध्या/उत्तरप्रदेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अयोध्या में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 से धर्म पथ और राम पथ पर रोड शो जारी है। 8 किमी लंबा रोड शो चल रहा है। रोड के दोनों किनारों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहे हैं। करीब एक लाख लोग फूल बरसाकर, मंत्रोच्चार और शंखनाद से पीएम का स्वागत कर रहे हैं। जय श्री राम की गूंज से वातावरण गुंजायमान है। कहीं भजनों की स्वर लहरियां माहौल को परवान चढ़ा रही हैं।

पीएम मोदी का करीब 51 स्थानों पर स्वागत होना है। 12 जगहों पर संत-महंत और 23 संस्कृत विद्यालयों के सैकडों वैदिक छात्र वेद मंत्र और शंख ध्वनि से स्वागत कर रहे हैं। इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी का काफिला अयोध्या धाम जंक्शन पहुंचेगा जहां पीएम मोदी नए रेलवे स्टेशन का इनॉगरेशन करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय अयोध्या धाम एयरपोर्ट का इनॉगरेशन करने पहुंचेंगे। इसके अलावा पीएम मोदी16 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे।

इससे पूर्व नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि मैं सभी को बताना चाहता हूं कि भगवान राम केवल हिंदुओं के नहीं हैं, बल्कि सभी के हैं। ऐसा किताबों में लिखा है। अब जब यह मंदिर खुलने जा रहा है तो मैं सभी से कहना चाहता हूं कि भाईचारा बनाए रखें।

यह भी जानें…

करीब 450 साल के बाद राम मंदिर का संघर्ष फलीभूत होने को है। वर्ष 1526 से 1528 के बीच बाबर के सेनापति मीर बाक़ी ने राम मंदिर तोड़कर उसी के मलबे से बाबरी मस्जिद बनवाई थी। तब से इस स्थान पर क़ब्ज़े के लिए दो समुदायों में कई बार विवाद हुआ लेकिन नतीजा सिफर रहा। 6 दिसंबर 1992 को राम भक्तों की भीड़ ने बाबरी मस्जिद ध्वस्त की।

दो दशक से अधिक न्यायालय में केस चला। प्रश्न विवादित ज़मीन पर अधिकार किसका हो इस पर अटक गया। अंतत: फ़ैसला सबके पक्ष/हित में आया, लेकिन जिस स्थान पर रामलला विराजमान थे, या जिसे जन्मस्थान कहा जा रहा था वहां रामजी का ही अधिकार रहा। जहां अब यह मंदिर बनकर लगभग तैयार है। अयोध्या में अब इसी मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा प्रस्तावित है।

महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट…एक नजर

  • राम मंदिर की तर्ज पर बनाया गया है। गेट और दीवारों पर राम मंदिर की झलक परिलक्षित।
  • टर्मिनल बिल्डिंग के नए भवन में 7 शिखर हैं। मुख्य भवन में 7 खंभों का इस्तेमाल किया गया है जो रामायण के 7 कांड दर्शाते हैं।
  • एयरपोर्ट के बाहर तीर-धनुष का बड़ा म्यूरल लगाया है जो श्रीराम के पुरुषार्थ का प्रतीक है।
  • एयरपोर्ट के प्रथम चरण की लागत लगभग 1,462.97 करोड़ रुपए, नई टर्मिनल बिल्डिंग 6500 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनी है। क्षमता सालाना 10 लाख यात्री है।
  • एयरपोर्ट निर्माण 821 एकड़ में होगा। पहले चरण में 2200 मीटर रनवे का निर्माण किया गया है। द्वितीय चरण में 3125 मीटर तृतीय चरण में 3750 मीटर लंबा रन-वे बनाने की योजना है जिस पर बड़े जहाज भी लैंड कर सकेंगे।
  • प्रथम चरण में अयोध्या से दिल्ली, अहमदाबाद और अयोध्या मुंबई के लिए उड़ानें शुरू होंगी। पहली फ्लाइट 6 जनवरी को सुबह 11.55 बजे दिल्ली से उड़ान भरेगी। 11 जनवरी 2024 से अहमदाबाद से अयोध्या और अयोध्या से अहमदाबाद के लिए उड़ान मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होंगी।
  • 15 जनवरी से मुंबई के लिए अयोध्या से सीधी उड़ानें शुरू होंगी।