एफपीओ किसानों की आर्थिक समृद्धि का मजबूत माध्यम : डॉ. बच्चू सिंह मीणा

गंगापुर सिटी में आंतरी फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (एफपीओ) के उद्घाटन समारोह में दीप प्रज्ज्वलित करते अतिथि एवं उपस्थित किसान।
गंगापुर सिटी में अर्पण सेवा संस्थान एवं एलटीआई माइंडट्री फाउंडेशन के सहयोग से आंतरी फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (एफपीओ) का शुभारंभ।

अर्पण सेवा संस्थान एवं एलटीआई माइंडट्री फाउंडेशन के सहयोग से ‘आंतरी फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड’ का शुभारंभ, 96 किसानों ने लिया भाग

गंगापुर सिटी। किसानों को संगठित कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल के तहत अर्पण सेवा संस्थान एवं एलटीआई माइंडट्री फाउंडेशन के सहयोग से आंतरी फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (एफपीओ) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि विज्ञान केन्द्र (केवीके) के प्रभारी एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बच्चू सिंह मीणा ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि डॉ. बच्चू सिंह मीणा ने कहा कि एफपीओ किसानों की आर्थिक समृद्धि का मजबूत माध्यम है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, जैविक खेती एवं वैज्ञानिक नवाचारों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि समय के साथ बदलाव अपनाने वाले किसान ही भविष्य में अधिक सफल होंगे।

विशिष्ट अतिथि कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रियांशु त्रिपाठी ने किसानों को कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन), ब्रांडिंग, प्रोसेसिंग एवं मार्केटिंग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाजरे से पोषक खाद्य उत्पाद, मधुमक्खी पालन से शहद उत्पादन तथा स्थानीय उत्पादों की वैज्ञानिक पैकेजिंग किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

अर्पण सेवा संस्थान के कार्यक्रम निदेशक डॉ. चंद्रशेखर मीणा ने बताया कि संस्था बागवानी, प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, जल संरक्षण, कृषि प्रशिक्षण एवं बाजार से जोड़ने जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि एफपीओ किसानों को उत्पादन से विपणन तक एक सशक्त मंच उपलब्ध कराएगा।

कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता तेज सिंह जाट ने किसानों से अधिकाधिक संख्या में एफपीओ से जुड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर एफपीओ के निदेशक पूर्ण सिंह, जोगेंद्र सिंह, मुनेश मीणा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी धर्मेंद्र कुमार जैन सहित अर्पण सेवा संस्थान के प्रतिनिधियों एवं 96 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन रमेश चन्द शर्मा ने किया। अंत में किसानों ने आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक खेती एवं मूल्य संवर्धन को अपनाकर कृषि को अधिक लाभकारी और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया।