देश में कोराना का कोहराम: 170 मौत, 4781 संक्रमित

कोरोना वायरस ने देश में कोहराम मचा दिया है। दिनों-दिन मरने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। संक्रमण के चलते अब तक देश में 170 लोगों की मौत हो चुकी है और 4781 संक्रमित। पिछले 24 घंटे के अंदर ही 22 मरीजों ने जान गंवाई। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 12 मरीजों की मौत हुई। इसमें मुंबई में 6, पुणे में 3, ठाणे, नागपुर और सतारा में 1-1 संक्रमितों की जान गई। महाराष्ट्र में कोरोना की चपेट में आकर अब तक 64 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि केवल मुंबई का आंकड़ा देखें तो यहां अब तक 41 लोग जान गंवा चुके हैं। पूरे महाराष्ट्र में मौत का यह आंकड़ा 64 पर पहुंच गया है। मध्य प्रदेश के इंदौर में भी मौतों का सिलसिला तीसरे दिन जारी रहा। मंगलवार को यहां दो मरीजों ने दम तोड़ा। इसी के साथ इंदौर में मरने वालों की संख्या 15 हो गई है। जबकि मध्य प्रदेश में अब तक 21 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। गुजरात में भी 24 घंटे के अंदर तीन और दिल्ली में दो संक्रमितों की मौत हुई। यह आंकड़े अलग-अलग राज्य सरकारों की ओर से जारी किए गए हैं। जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 124 मौत की पुष्टि की है। फिर भी हमें सतर्कता बरतनी होगी, तभी हम अपनी, अपने परिजनों की, रिश्तेदारों की तथा प्रदेश के लोगों की जान बचा सकेंगे।