हिंडौन की होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़, तीन महिलाएं सहित पांच गिरफ्तार

हिंडौन होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़ करती पुलिस
हिंडौन में होटल पर छापा मारती पुलिस टीम

कमीशनखोरों और दलालों के जरिए भरतपुर से लाई जा रही थीं महिलाएं, पीटा एक्ट में मामला दर्ज

हिंडौन सिटी में पुलिस ने एक बड़े अनैतिक देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश किया है। रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल में लंबे समय से चल रहे देह व्यापार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन महिलाओं समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम 1956 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

डीएसपी मुनेश कुमार ने बताया कि हिंडौन क्षेत्र की कई होटलों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि वहां अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इस पर भरतपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक कैलाश विश्नोई और करौली जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा रेलवे स्टेशन और बजरिया क्षेत्र की होटलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।

मंगलवार शाम एक विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने स्टेशन रोड स्थित कावेरी होटल पर दबिश दी। जांच के दौरान होटल संचालक द्वारा महिलाओं के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार कराए जाने की पुष्टि हुई। मौके से तीन महिलाएं और दो पुरुष को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि हिंडौन में देह व्यापार के लिए कमीशनखोर और दलालों के जरिए अन्य शहरों से महिलाओं को लाया जाता था। गिरफ्तार महिलाओं के भरतपुर जिले की निवासी होने की पुष्टि हुई है। इस मामले में थाना नई मंडी हिंडौन में मुकदमा संख्या 24/26 दर्ज किया गया है, जिसकी जांच थानाधिकारी नरेश पोसवाल कर रहे हैं।

डीएसपी मुनेश कुमार ने स्पष्ट किया कि स्टेशन रोड क्षेत्र के कई होटलों को लेकर आमजन और कॉलोनीवासियों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

Read More :- चारबाग की ‘लेडी सिंघम’ चंदना सिन्हा को बड़ा सम्मान, 1500 बच्चों को तस्करी से बचाया