विवेक बिंद्रा ने पत्नी को मारे 40 थप्पड़: कान का पर्दा फटा

मोटिवेशनल स्पीकर बिंद्रा का पहली पत्नी से भी चल रहा मुकदमा

नोएडा। इंटरनेशनल मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा पर उनकी दूसरी पत्नी के साथ मारपीट का आरोप लगा है। बिंद्रा के खिलाफ नोएडा में एफआईआर दर्ज की गई है। इसके मुताबिक, विवेक ने कमरा बंद करके पत्नी को बेरहमी से पीटा। इससे उनका कान का पर्दा फट गया। बिंद्रा ने गाली-गलौज भी की और पत्नी का मोबाइल भी तोड़ दिया।

पत्नी यानिका का अस्पताल से एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह पति के पिटाई से हाथ-पैर में पड़े नीले रंग को दिखा रही हैं। वह कह रही हैं पिटाई से मेरी थाई भी नीली हो गई है। बाएं हाथ में चोट लगी है। इसमें कट का निशान है। पति ने सिर के पीछे वाले हिस्से में लगातार 30 से 40 चाटें मारे। उस दौरान मुझे कुछ दिखाई नहीं दिया, मैं गिर गई। आंख और चेहरे में सूजन है। काफी दर्द हो रहा है। वहीं, विवेक बिंद्रा का भी एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह सोसाइटी के गेट पर पत्नी के साथ नोकझोंक करते दिखाई दे रहे हैं।

एफआईआर के अनुसार 6 दिसंबर को विवेक बिंद्रा की यानिका से शादी हुई थी जबकि मारपीट की घटना 8 दिसंबर की है। इसके बाद यानिका को दिल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यानिका के भाई वैभव क्वात्रा ने विवेक के खिलाफ 14 दिसंबर को नोएडा के सेक्टर-126 थाने में केस दर्ज करवाया। हालांकि, मामला शुक्रवार शाम यानी 22 दिसंबर को सामने आया। विवेक बिंद्रा बड़ा बिजनेस के सीईओ हैं। यूट्यूब पर उनके 2 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर हैं।

गाजियाबाद के चंदर नगर निवासी वैभव क्वात्रा ने एफआईआर दर्ज कराई है। वैभव, विवेक बिंद्रा के साले हैं। एफआईआर में उन्होंने बताया, मेरी बहन यानिका की शादी 6 दिसंबर को विवेक बिंद्रा के साथ ललित मानगर होटल में हुई थी। विवेक इस समय सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा वेस्ट रेजीडेंसी में रहते हैं।

8 दिसंबर की सुबह 3 बजे विवेक अपनी मां प्रभा से बहस कर रहे थे। यानिका ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो विवेक पत्नी पर भड़क गए।” “इसके बाद विवेक ने कमरा बंद करके यानिका के साथ गाली-गलौज, मारपीट की। मोबाइल तोड़ दिया। बाल नोंचे। मेरी बहन के पूरे शरीर पर घाव हैं। उसे कान से सुनाई भी नहीं दे रहा है। सिर में घाव की वजह से बहन को चक्कर भी आ रहे हैं। इलाज के लिए उन्हें कड़कडूमा दिल्ली स्थित कैलाश दीपक अस्पताल में भर्ती करवाया है।”

वैभव ने बताया, शादी के बाद हुई इस घटना के बारे में यानिका ने बहन को फोन करके इसकी सूचना दी। फिर मैं अपनी बहन के साथ यानिका के घर पहुंचा। उसको अस्पताल में भर्ती कराया। कई दिनों तक बहन का अस्पताल में इलाज चला। मारपीट के बाद से बहन शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गई है। वह किसी से ज्यादा बात नहीं कर रही है।

नोएडा के एडीसीपी मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि एक व्यक्ति द्वारा थाना सेक्टर- 126 में प्रार्थना पत्र दिया गया था। जिसमें कहा गया कि उसकी बहन की शादी विवेक बिंद्रा नाम के शख्स से हुई है। जो सुपरनोवा में रहते हैं। विवेक बिंद्रा ने उनकी बहन के साथ मारपीट की है। जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। यानिका विवेक बिंद्रा की दूसरी पत्नी है। उनकी पहली पत्नी गीतिका सबरवाल हैं। पहली पत्नी से बिंद्रा का विवाद चल रहा है। दोनों का मामला कोर्ट में विचाराधीन है।