यह कैसा देवता… चिकित्सक ने पत्नी, दो बच्चों की हत्या कर सुसाइड किया

कहते हैं आंख है तो जहान है.., चिकित्सक भगवान का रूप होता है… लेकिन जब आंखों का ही चिकित्सक अपने ही परिवारजनों की आंखों को हमेशा के लिए सुला दे तो उसे कैसे देवता कहें। जीहां उत्तरप्रदेश के रायबरेली में लालगंज स्थित मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री में नियुक्त चिकित्सक नेत्र सर्जन डॉ. अरुण सिंह (45) ने पत्नी अर्चना, बेटा आरव (4) और बेटी अदीवा (12) की हत्या कर सुसाइड कर लिया। कोच फैक्ट्री कैंपस में बने सरकारी आवास में डबल बेड पर पत्नी, बेटे और बेटी के शव तथा चिकित्सक का फंदे पर लटका शव पुलिस ने बरामद किया।

दरअसल, दो दिन से घर से बाहर कोई नहीं निकला था। अरुण भी हॉस्पिटल नहीं गए थे। ऐसे में शक होने पर ऑफिस से मंगलवार देर शाम चपरासी उनके घर पहुंचा। खिड़की से झांकने पर शव नजर आने पर पुलिस और उच्चाधिकारियों को जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार चारों के शव एक ही कमरे में थे। पत्नी का सिर कुचला हुआ था तथा शरीर खून से सना था। बेटे व बेटी के शव पर भी चोट के निशान थे। कमरे में कुछ इंजेक्शन और नशीले पदार्थ भी रखे थे। चारों के शवों को पुलिस ने बाहर निकलवाया। मौके पर मौजूद साक्ष्यों की जांच की जा रही है। एसपी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने जांच की है। लोगों से पता चला है कि डॉक्टर काफी दिन से डिप्रेशन में थे और दवा भी चल रही थी। चारों की मौतों की सही वजह पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगी। सभी एंगल पर जांच की जा रही है।