आर्य वीर दल के राष्ट्रीय संरक्षक 1 को गंगापुरसिटी आएंगे

गंगापुरसिटी। आर्य वीर दल के राष्ट्रीय संरक्षक व केन्द्रीय कार्यालय प्रभारी आजाद सिंह 1 अक्टूबर को शाम 4.30 बजे गंगापुरसिटी आएंगे। आर्य वीर दल संभाग प्रभारी नरेन्द्र आर्य ने बताया कि आजाद सिंह राष्ट्र में आर्य समाज व आर्य वीर दल की गतिविधियों का निरीक्षण करते हैं। आर्य समाज व आर्य वीर दल के लक्ष्य संस्कृति रक्षा, शक्ति संचय और सेवा कार्य की पूर्ति के लिए निरन्तर प्रयास करते हैं। इसी क्रम में 1 अक्टूबर से 3 अक्टूबर तक उनका गंगापुरसिटी में प्रवास रहेगा। वे 1 अक्टूबर को मुख्य शाखा का निरीक्षण करेंगे। 2 अक्टूबर को आर्य समाज भगवती नगर की गतिविधियों को देखेंगे तथा इसी दिन रात 8 से 9 बजे तक आर्य वीर दल की सभी शाखाओं व शहर के सभी आर्य समाजों का एकत्रीकरण होगा।

READ MORE: महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने केन्द्र की भाजपा सरकार को कोसा

इस दौरान वर्तमान में चल रही गतिविधियों व आगामी गतिविधियों पर मंथन किया जाएगा। नगर संचालक आशुतोष आर्य ने बताया कि साथ ही 3 अक्टूबर को मुख्य आर्य समाज के साप्ताहिक सत्संग व शाखा के साप्ताहिक एकत्रीकरण में शामिल होंगे। राष्ट्रीय संरक्षक व केन्द्रीय कार्यालय प्रभारी के साथ में आचार्य चंद्रदेव का भी आगमन होगा। साथ ही 3 अक्टूबर को गुरुकुल मलारना चौड से साप्ताहिक सत्संग में आचार्य सोमदेव शास्त्री भी आएंगे।